नगर निगम सदन भवन की आधारशिला रखेंगे PM मोदी, करोड़ों की लागत से तैयार होगा भवन

Varanasi News: उत्तर-प्रदेश के वाराणसी नगर निगम सदन भवन की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हाथों रखेंगे. करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण 15 महीने में किसी भी हाल में पूरा हो जाएगा. आगामी काशी दौरे पर सदन भवन की आधारशिला को लेकर नगर-निगम ने अपनी प्रक्रियां को तेज कर लिया है. सिगरा में स्थित मुख्यालय परिसर के भवन काफी जर्जर हो चुके है, जिसे ध्वस्त कर यहां हाईटेक नगर-निगम सदन भवन का निर्माण किया जाएगा.

करोड़ों रुपये की लागत से तैयार होगा भवन का मॉडल
आपको बता दें कि, करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का मॉडल विशेष रूप से काशी और गंगा की थीम पर आधारित है. इसकी बाहरी बनावट शिवलिंग की आकृति जैसी नजर आएगी, वर्तमान में इसे जी-प्लस फोर यानि (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है. आवश्यकता पड़ने पर इसे भविष्य में सात मंजिला (जी-प्लस सेवन) तक विस्तार देने का भी विकल्प रखा गया है.
![]()
इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस, उप्र जल निगम ने ईपीसी मोड पर 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है,इसे दिल्ली की कंपनी की देखरेख में बनाया जाएगा. यह अपनी स्थापत्य कला से काशी की संस्कृति की झलक भी पेश करेगा, भवन के भूतल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि आम जनता को एक ही परिसर में सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें. यहां तीन अलग-अलग प्रभागों में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, कैंटीन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष प्रस्तावित हैं.
वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान
वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प से काशी का चहुंमुखी कायाकल्प हो रहा है. सिगरा स्थित नगर निगम का यह नया सदन भवन न केवल अधिकारियों और पार्षदों के लिए एक आधुनिक कार्यस्थल बनेगा, बल्कि अपनी भव्य काशी-गंगा सांस्कृतिक थीम के कारण यह वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान और विकास का मील का पत्थर साबित होगा, यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुशासन का प्रतीक बनेगा, जहां एक ही छत के नीचे डिजिटल तकनीक और पौराणिक परंपराओं का संगम दिखेगा.



