वाराणसी पहुंची PMO की टीम, होली के बाद PM दौरे को लगे पंख

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संभावित दौरा वाराणसी में होली के बाद हो सकता है. इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की एक टीम वाराणसी पहुंची. जिससे पीएम के संभावित दौरे के संकेत मिल रहे हैं. टीम ने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी और कमिश्नर के साथ विभिन्न स्थलों के बारे में चर्चा के साथ ही निरीक्षण किया है. रोपवे प्रबंधन की ओर से भी इस बाबत पुष्टि की गई है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने दौरा कर तकनीकी टीम के साथ परिचर्चा कर संचालन शुरू किए जाने को लेकर विमर्श किया है.

इस निरीक्षण के दौरान, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ टीम ने रेलवे और रोपवे के अधिकारियों के साथ वाराणसी में प्रस्तावित रोपवे और कैंट रेलवे स्टेशन का विशेष ध्यान रखा. रोपवे के गंडोला को जांचा और तकनीकी टीम से परिचर्चा करने के साथ ही इसकी कार्यप्रणाली और सुविधाओं का भी अवलोकन किया. यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के उद्देश्य से माना जा रहा है. इसके बाद टीम लौटकर रिपोर्ट तैयार कर दौरे की रूपरेखा को अंतिम रूप देगी.

माना जा रहा है कि महिला दिवस पर सरकार काशी को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने जा रही है, इसी कड़ी में टीम का दौरा माना जा रहा है. इस दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं, जो वाराणसी के विकास में सहायक सिद्ध होंगी. वहीं क्रिकेट स्टेडियम, अस्पताल परियोजना के साथ ही अन्य योजनाएं भी लगभग पूरी हो चुकी हैं. माना जा रहा है कि लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं के बारे में जल्द ही अंतिम फैसला हो जाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, जिसमें गंगा नदी के किनारे विकास कार्य, सड़कों का निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास शामिल हैं. उनके पिछले दौरे ने वाराणसी में पर्यटन को भी बढ़ावा दिया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है. अब माना जा रहा है कि शिव की नगरी में शक्ति की आराधना का पर्व यानी चैत्र नवरात्र में भक्तों को रोपवे पर सफर करने का मौका मिल सकता है. वहीं दूसरी ओर रोपवे परियोजना का विशेष महत्व है। यह परियोजना न केवल स्थानीय लोगों के लिए परिवहन की सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षण का केंद्र बनेगी.



