कांवड़ मार्ग पर पुलिस आयुक्त और डीएम का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व निर्बाध यातायात के लिए दिए सख्त निर्देश

वाराणसी: श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को रिंग रोड फेज-2 (रखौना से हरहुआ तक) कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान रखौना अंडरपास पर संभावित जाम की स्थिति की समीक्षा की गई और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर बने विश्राम स्थलों, अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, चिकित्सा शिविरों तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर उनके प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज से मोहनसराय होते हुए रिंग रोड पर रखौना से हरहुआ तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी. इस लेन में किसी अन्य वाहन के प्रवेश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाने, अवैध कटों को तत्काल बंद कराने तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर पीआरवी और फैंटम टीम की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान सभी अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ALSO READ:शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं पर भड़के नगर आयुक्त, गैलरी में अंधेरा देख जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/मुख्यालय) शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



