कचहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया नए पार्किंग स्थल का उद्घाटन...

वाराणसी: कचहरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नवीन पार्किंग स्थल का फीता काटकर उद्घाटन किया. इस पार्किंग स्थल के शुरू होने से आमजन, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय परिसर में आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी.
कचहरी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों के आवागमन के चलते सड़क किनारे अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी. समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित विभागों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कई चरणों में बैठक कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की गई.
ALSO READ :ट्रांसपोर्टर से मारपीट कर हजारों रुपये की लूटपाट, जांच में जुटी पुलिस...
नई पार्किंग व्यवस्था के तहत लगभग 1000 दोपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की गई है. पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर यातायात और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है.
उन्होंने बताया कि नगर निगम के सहयोग से लगभग एक माह के भीतर इस पार्किंग स्थल को विकसित कराया गया है. भविष्य में इसे मल्टीलेवल पार्किंग के रूप में विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है, जिससे बढ़ते वाहनों के दबाव को व्यवस्थित किया जा सके. नई व्यवस्था लागू होने से सड़क किनारे पार्किंग पर नियंत्रण होगा और कचहरी क्षेत्र में यातायात अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेगा.



