मलदहिया के होटल में पुलिस का छापा, कथित देह व्यापार का खुलासा; पांच युवतियां और दो आरोपी गिरफ्तार...

वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित एक होटल में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया. सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पांच युवतियों को होटल से मुक्त कराया गया, जबकि होटल के संचालन से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान कई कमरों की तलाशी ली गई, जहां से पांच युवतियां मिलीं. पुलिस ने मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बरामद युवतियों में चार पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्हें किस माध्यम से वाराणसी लाया गया और क्या उन्हें किसी संगठित गिरोह के जरिए इस अवैध कारोबार में धकेला गया था.
कार्रवाई की सूचना पर एसीपी कोतवाली शुभम सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की गहन जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए.
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं बरामद युवतियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि यह अवैध गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसके तार किन-किन जिलों या राज्यों से जुड़े हैं.
ALSO READ:दशाश्वमेध के शीतला घाट पर बंद फ्लैट में आग, शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटों पर 15 मिनट में काबू
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.



