वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा: कड़ी जांच के बाद मिला प्रवेश, केंद्रों पर उमड़े अभ्यथी...

वाराणसी : पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई. दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए कुल 44 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें 22 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे. परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों को सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. भौतिक सत्यापन के साथ-साथ प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र की तकनीकी जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया. किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर जाने की अनुमति नहीं थी. कुछ केंद्रों पर अव्यवस्था भी नजर आई. पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी.

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. वहीं सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे.

पहली पाली समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्रों और आसपास की सड़कों पर अभ्यर्थियों तथा उनके अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली. दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जानी थी, जिसके लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे.
ALSO READ :पूर्वांचल सहित वाराणसी में हीटवेव का अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट...
पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं. अभ्यर्थियों का आगमन रविवार रात से ही शुरू हो गया था, जिससे रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और परीक्षा केंद्रों के आसपास चहल-पहल बनी रही. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई. हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों के आने के कारण रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर भारी भीड देखी गई. ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं थी.



