काशी में प्री-मानसून सक्रिय, बादलों की गरज-चमक के साथ होगी बारिश

Varanasi Weather: काशी में प्री मानसून सक्रिय हो गया है. बुधवार की सुबह तेज धूप निकली, लेकिन धूप का असर थोड़ा कम देखने को मिल रहा है. उधर, मौसम विशेषज्ञ ने तीन दिन बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई है, उधर, मंगलवार को दिन भर की तेज धूप रही लेकिन शाम को 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरीं हवाएं चलने लगीं. इससे आधे घंटे में ही अधिकतम तापमान 37 डिग्री से पांच डिग्री तक गिरकर 32 डिग्री पर आ गया. यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ के रूप में चक्रवाती स्थिति बनी हुई है, चार से छह जून के बीच में बारिश या बादल छाने की स्थिति बन सकती है. इसके बाद मौसम सामान्य हो सकता है.

गरज-चमक के साथ होगी बारिश
वहीं, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम 39.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, बाबतपुर सहित ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है. शहर की ओर हवा में नमी 65 फीसदी तक रही. मंगलवार की शाम अचानक मौसम बदल गया. शाम छह बजकर 14 मिनट पर एनडीएमएईडब्ल्यू की तरफ से अलर्ट जारी कर दिया गया. अलर्ट में कहा गया कि गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आएगी.

काशी कब आएगा मानसून
काशी में मानसून को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष मानसून अभी तक केरलम की मुख्य जमीन पर नहीं पहुंचा है इसलिए अभी कोई दिन तय करना मुश्किल है. मानसून के केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून सर्द हवा की गति और नमी की तीव्रता की नियमित निगरानी के आधार पर ही प्रदेश में मानसून का पूर्वानुमान दिया जा सकता.

ALSO READ: मौसम ने ली फिर करवट, कई इलाकों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी



