मां दुर्गा की विदाई से पहले विसर्जन कुंड को लेकर तैयारियां तेज, नगर आयुक्त ने मौके पर लिया जायजा

वाराणसी : शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को देखते हुए नगर निगम वाराणसी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मां दुर्गा की प्रतिमाओं के सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के लिए अस्थायी सरोवर एवं विसर्जन कुंड चिह्नित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया. नगर आयुक्त ने जलकल परिसर में तैयार किए जा रहे विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली.

उन्होंने कुंड से जुड़े शेष कार्यों को समय से पूरा करने और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. इसके साथ ही शंकुलधारा पोखरा के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया. जलकल परिसर में निर्माणाधीन विशाल कम्युनिटी/थीम पार्क की प्रगति भी देखी गई. त्योहारों की तैयारियों के साथ नगर निगम ने शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर भी सक्रियता बढ़ाई है.
ALSO READ : आतंकवाद से मुकाबले के साथ जीवनरक्षा में भी सक्षम होने के लिए यूपी एटीएस में प्रशिक्षण का आयोजन
नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 33 के महामना पुरी कॉलोनी, करौंदी पहुंचकर जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद भिखारीपुर से अखरी बाईपास मुख्य मार्ग और कंदवा क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया.
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अतिरिक्त पंप लगाने और जल निकासी की क्षमता बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए.
नगर निगम की तैयारियों का फोकस एक ओर जहां दुर्गा प्रतिमाओं के सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन पर है, वहीं दूसरी ओर जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत देने पर भी जोर दिया जा रहा है. फोकस साफ है कि नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिले और प्रतिमा विसर्जन से लेकर जल निकासी तक किसी तरह की अव्यवस्था सामने न आए.



