प्रो. अजीत सिंह ट्रामा सेंटर के प्रभारी, एसएस हास्पिटल के एमएस प्रो. पुनीत बने

वाराणसी : प्रो. अजीत सिंह को बीएचयू ट्रामा सेंटर का प्रभारी बनाया गया है. चयन समिति के अनुमोदन पर कुलपति ने उन्हें यह जिम्मेदारी तीन वर्ष के लिए दी है. इस दौरान वह आथ्रोपेडिक्स डिपार्टमेंट के प्रोफसर के तौर पर अपनी भूमिका निभाते रहेंगे. अभी सौरभ सिंह ट्रामा सेंटर के प्रभारी हैं. सर सुंदरलाल चिकित्सालय के एमएस प्रो. पुनीत गुप्ता बनाए गए हैं. वह जनरल सर्जरी विभाग के हैं. इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए पिछले लगभग एक महीने से मंथन चल रहा था. योग्य उम्मीदवारों के अनुभव, कार्यक्षमता और बायोडाटा का विस्तृत मूल्यांकन किया गया. सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियुक्ति आदेश जारी किया. अरसे बाद सर सुंदरलाल चिकित्सालय के एमएस के पद पर नियुक्ति हुई.
तीन साल का होगा कार्यकाल
विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रो. पुनीत को पे-लेवल-14 के तहत नियुक्त किया गया है. उनका वेतनमान 1,44,200 रुपये से 2,18,200 रुपये निर्धारित किया गया है. इसके अलावा उन्हें विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे. नियुक्ति की अवधि तीन वर्ष तय की गई है. हालांकि, यह सेवा शर्तों और विश्वविद्यालय के लागू नियमों के अधीन रहेगी. नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय अथवा नियुक्त अधिकारी, तीन महीने का लिखित नोटिस देकर सेवा समाप्त कर सकते हैं.
ALSO READ: फर्जी भारतीय पासपोर्ट पर यात्रा कर रहा अफगान नागरिक गिरफ्तार, वाराणसी एयरपोर्ट पर कार्रवाई
एक महीने के भीतर संभालना होगा कार्यभार
प्रो. पुनीत को आदेश जारी होने की तिथि से एक महीने के भीतर आईएमएस बीएचयू के निदेशक के समक्ष कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं. कार्यभार ग्रहण करने के समय उन्हें शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, राजपत्रित अधिकारी द्वारा जारी चरित्र प्रमाणपत्र तथा आवश्यक होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. बीएचयू प्रशासन ने नियुक्ति आदेश की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि नई नियुक्तियों के बाद अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. बता दें कि बीएचयू अस्पताल के एमएस पद पर लंबे समय से डा. केके गुप्ताे कार्यरत रहे.



