पांडेयपुर पुलिस की तत्परता: ऑटो में छूटा जेवरात व दस्तावेजों से भरा बैग छह घंटे में बरामद....

वाराणसी: बीएड में दाखिले के लिए बिहार के कैमूर-भभुआ से पत्नी के साथ वाराणसी आए कृष्णा पटेल का जेवरात और जरूरी शैक्षणिक दस्तावेजों से भरा बैग ऑटो में छूट गया। पांडेयपुर पहुंचने पर बैग गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज करीब छह घंटे में बैग बरामद कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में एसआई करुणाशील, कांस्टेबल हिमांशु और कांस्टेबल अमरेश यादव समेत पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने कैंट से पांडेयपुर के बीच ऑटो के संभावित मार्ग और अन्य जानकारियां जुटाकर छानबीन की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने ऑटो को ट्रेस करते हुए बैग बरामद कर लिया। बैग में रखे जेवरात, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले। पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत कृष्णा पटेल के सुपुर्द कर दिया।
ALSO READ: राज्यमंत्री ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा, मंत्री दिए सख्त निर्देश दो दिन में दुरुस्त हों सड़क के गड्ढे
सामान वापस मिलने के बाद कृष्णा पटेल और उनकी पत्नी ने पांडेयपुर पुलिस टीम का आभार जताया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कृष्णा पटेल ने बताया कि बैग में रखे शैक्षणिक दस्तावेज और जेवरात उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। इनके खो जाने से उन्हें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल दंपती को बड़ी राहत मिली, बल्कि वाराणसी पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता भी सामने आई।



