प्रयागराज में रेजिडेंट डॉक्टर की गिरफ्तारी के विरोध में बीएचयू में प्रदर्शन, डायरेक्टर को सौंपा ज्ञापन...

वाराणसी: बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS) में बुधवार को रेजिडेंट डॉक्टरों ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. मोनीष सिद्दीकी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया. रेजिडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर सोसाइटी (RDWS) के बैनर तले बड़ी संख्या में डॉक्टर और मेडिकल छात्र आईएमएस डायरेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. डॉक्टरों का आरोप है कि डॉ. मोनीष सिद्दीकी की गिरफ्तारी बिना उचित कानूनी प्रक्रिया और संस्थान प्रशासन को विश्वास में लिए बिना की गई है. इसे उन्होंने मनमाना और अन्यायपूर्ण कदम बताया.

ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकर रहे रेजिडेंट डाक्टरों ने प्रयागराज स्थित मेडिकल कॉलेज प्रशासन से दोषियों के खिलाफ संस्थागत काउंटर एफआईआर दर्ज कराने तथा बीएचयू प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उच्च स्तर पर डॉक्टरों की नाराजगी पहुंचाने की मांग की. विरोध स्वरूप रेजिडेंट डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर कार्य करने का निर्णय लिया है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद करने पर भी विचार किया जाएगा.
ALSO READ:पंडित जवाहर लाल नेहरू का टूटा रिकार्ड, पीएम मोदी बने सबसे लंबे कार्यकाल के प्रधान मंत्री…
डॉक्टरों ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और कानून-व्यवस्था तंत्र की होगी. प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने लंबित मांगें जल्द से जल्द पूरी करने की मांग की है. प्रदर्शन के दौरान रेजिडेंट डाक्टर्स अपने हाथों में पोस्टर लिए हुए थे. आईएमएस प्रशासन ने ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.



