“सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” : 2025 में वाराणसी ट्रैफिक पुलिस की बड़ी पहल, 7.30 लाख से अधिक ई-चालान, लाखों लोग जागरूक

वाराणसी : कमिश्नरेट में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस वाराणसी ने वर्ष 2025 में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया. सड़क दुर्घटनाओं में कमी और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता, प्रवर्तन और यातायात प्रबंधन—तीनों मोर्चों पर ठोस कदम उठाए गए. वर्ष भर में 124 स्कूल–कॉलेजों में 45,235 विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जबकि 132 संगोष्ठियों, नुक्कड़ नाटकों और प्रतियोगिताओं के जरिए लाखों लोगों तक संदेश पहुंचाया गया.

मेलों, त्योहारों और सार्वजनिक स्थलों पर 2.18 लाख से अधिक नागरिकों को जागरूक किया गया. डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, पीए सिस्टम, सिनेमा क्लिप, एफएम प्रसारण और पंपलेट के माध्यम से भी जनजागरूकता बढ़ाई गई. सड़क सुरक्षा के तहत 14 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए, 18 अवैध कट बंद कराए गए, 6 नए डिवाइडर बने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए.
ALSO READ : वाराणसी उत्तरी में विकास की रफ्तार तेज: 12 करोड़ से 38 परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रवर्तन के स्तर पर वर्ष 2025 में कुल 7,30,807 ई-चालान किए गए. इसमें हेलमेट न पहनने पर 3.86 लाख से अधिक, सीटबेल्ट न लगाने पर 2,979, ओवरस्पीड पर 15,216, रेड लाइट जंप पर 2,955 और अन्य उल्लंघनों पर बड़ी कार्रवाई शामिल है. नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई. अतिविशिष्ट और विशिष्ट कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सहित उच्चस्तरीय आगमन कार्यक्रमों को सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराया गया. यातायात को सुगम बनाने के लिए कई मार्गों को वन-वे किया गया, कलर कोडिंग आधारित पार्किंग (ग्रीन–दो पहिया, येलो–चार पहिया, रेड–ई-रिक्शा/ऑटो, ब्लू–इलेक्ट्रिक बस) लागू की गई और ऑटो–ई-रिक्शा के जोनवार संचालन की व्यवस्था की गई. इन पहलों से जाम, अव्यवस्था और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



