बरसात थमते ही 10 दिन में दुरुस्त होंगी सीवर से खराब सड़कें, लापरवाही पर नपेंगे जलकल अभियंता....

वाराणसी। शहर में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। भेलूपुर स्थित जलकल विभाग में सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को बरसात थमते ही सड़कों के रेस्टोरेशन का काम तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 से 20 सितंबर के बीच सभी लंबित रेस्टोरेशन कार्य हर हाल में पूरे कराए जाएं।
नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि 20 सितंबर को दोबारा समीक्षा बैठक होगी। इस दौरान यदि किसी क्षेत्र में सड़क मरम्मत का काम अधूरा मिला या लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
काम पूरा, फिर भी फाइलें अटकीं
बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और अभियंताओं की कार्यशैली पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) द्वारा मेजरमेंट बुक (एमबी) में समय से प्रविष्टि नहीं की जा रही है। इसके कारण पूर्ण कार्यों से जुड़ी फाइलें लंबित हैं।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि 15 सितंबर तक सभी पूर्ण हो चुके कार्यों की एमबी में प्रविष्टि हर हाल में दर्ज कराई जाए। इसमें लापरवाही करने वाले जेई के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
ALSO READ:काशी के लाल अमित कुमार सिंह ने निफ्ट चेन्नई में लहराया परचम, राष्ट्रपति से मिला सम्मान....
ओवरहेड टैंक परिसरों से हटेगा अतिक्रमण
जलकल विभाग के ओवरहेड टैंक (ओएचटी) परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी ओएचटी परिसरों की टूटी बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग और टूंटी आदि की मरम्मत कराने को कहा।
जिन टंकी परिसरों में चारदीवारी क्षतिग्रस्त है या अतिक्रमण की शिकायतें हैं, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग और अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में सीवर और पेयजल परियोजनाओं के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



