किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को रोहनिया पुलिस ने किया गिरफ्तार...

वाराणसी: रोहनिया थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार सुबह बलवंत सिंह डिग्री कॉलेज के पास सुईचक-गंजारी रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप पुत्र रमेश कुमार (21 वर्ष), निवासी ग्राम आपी, थाना जंसा, वाराणसी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ रोहनिया थाने में मु0अ0सं0 0273/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को किशोरी की मां ने रोहनिया थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि आरोपी उनकी करीब 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनुज कुमार सिंह कर रहे थे।
ALSO READ:सबसे खतरनाक साइबर ठगी डिजिटल अरेस्ट बनारस भी नहीं बच सका....
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर गुमशुदा एवं अपहृत लोगों की बरामदगी और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' में रोहनिया पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 29अगस्त की सुबह करीब 6:19 बजे उसे सुईचक-गंजारी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुज कुमार सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह, राहुल कुमार और अनुपम सिंह की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



