शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 22 लाख की साइबर ठगी, केस दर्ज

वाराणसी - शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर आदमपुर थाना क्षेत्र के आलमपुरा निवासी महिला से 22.40 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़िता ने आदमपुर थाने में साइबर ठगी का केस दर्ज कराया. टीम मामले की जांच कर रही है. पीड़िता फरहा नाज ने पुलिस को बताया कि सितंबर में उनके मोबाइल पर B-47 Wealth Guide नाम के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए एक लिंक आया.
ग्रुप में खुद को शेयर मार्केट विशेषज्ञ बताने वाले सदस्य शेयर में निवेश के तरीके और मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट साझा करते थे. कुछ दिन बाद ग्रुप एडमिन प्रवीण पटेल और क्रिस हार्पर नामक क्लाइंट मैनेजर ने https://m.tencorepartners.vip नामक वेबसाइट पर अकाउंट खोलने और निवेश शुरू करने का प्रलोभन दिया.
ALSO READ : देव दीपावलीः घाटों पर 25 लाख की भीड़ का अनुमान, प्रशासन ने कसी कमर
फर्जी निवेश योजना में लगवाए पैसे
पहले चरण में 10 से 23 अक्तूबर तक विभिन्न खातों में यूपीआई और बैंक ट्रांसफर से कुल 22,40,000 का भुगतान किया. फिर मिड वेस्ट आईपीओ नामक फर्जी निवेश योजना में 200 से 300 प्रतिशत मुनाफे का दावा किया और समय पर भुगतान न करने पर कार्रवाई, खाता फ्रीज करने की धमकी दी. दबाव में आकर पति से 20 लाख का पर्सनल लोन लेकर राशि जमा कर दी. बाद में वेबसाइट और ग्रुप की जांच की गई तो पूरा नेटवर्क फर्जी निकला.
ठगी का अहसास होने पर साइबर सेल और आदमपुर थाने में शिकायत की. इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और बैंक खातों का विवरण बैंकों और साइबर टीम को भेजा है.



