साइबर ठगी के शिकार दो लोगों को सिगरा पुलिस ने लौटाए 1.82 लाख रुपये...

वाराणसी: साइबर ठगी के दो मामलों में सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के कुल 1 लाख 82 हजार रुपये वापस दिलाए हैं.पुलिस की मदद से एक पीड़ित को 52 हजार रुपये और दूसरे को 1 लाख 30 हजार रुपये उनके बैंक खातों में रिफंड कराए गए.
जानकारी के अनुसार, छित्तूपुर निवासी संदीप कुमार केशरी साइबर ठगी का शिकार होकर 52 हजार रुपये गंवा बैठे थे, जबकि बीएचयू क्षेत्र निवासी महेंद्र कुमार यादव के खाते से ठगों ने 1 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए थे.दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के निर्देश पर थाना सिगरा की साइबर हेल्प डेस्क सक्रिय हुई.साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक भरत भट्ट और आरक्षी सुमित साहू ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई.
पुलिस के लगातार प्रयास के बाद दोनों पीड़ितों की पूरी रकम उनके खातों में वापस करा दी गई.अपने पैसे वापस मिलने पर पीड़ितों और उनके परिजनों ने सिगरा पुलिस और वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का आभार जताया.
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक भरत भट्ट और आरक्षी सुमित साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



