वाराणसी में भैरवनाथ मंदिर से बाबा की चांदी की आंख चोरी, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : राजातालाब थाना क्षेत्र के पंचकोसी मार्ग स्थित भैरवनाथ मंदिर में बुधवार की रात चोरी की घटना से क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल है. बेखौफ चोरों ने भैरवनाथ बाबा की मूर्ति से चांदी की एक आंख निकाल ली. ग्रामीणों की आहट पाकर चोर दूसरी आंख छोड़ मौके से भाग निकले. सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई. देखते ही देखते मौके पर बडी संख्या में ग्रामीण जुट गए. जितने मुंह उतनी बातं होने लगी.
सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और खानापूर्ति कर लौट गई. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण लगातार मंदिर में चोरी की घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले भी इसी मंदिर से दो वजनी पीतल का घंटा चोरी हो चुका है, लेकिन पुलिस ने न तो घटना का खुलासा किया और न ही गश्त बढ़ाई. इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि भैरवनाथ तालाब के सुंदरीकरण के दौरान कार्यदायी संस्था ने मंदिर के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे. यदि पुलिस उन कैमरों की फुटेज जांचे तो चोरों की पहचान आसानी से हो सकती है. बावजूद इसके, पुलिस अब तक निष्क्रिय बनी हुई है;
मंदिर के पुजारी शिव शंकर उपाध्याय ने बताया कि बुधवार तक बाबा की दोनों चांदी की आंखें थीं, लेकिन गुरुवार सुबह एक आंख गायब मिली. ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस नियमित गश्त करती और पहले की घटना का खुलासा करती, तो दोबारा चोरी की हिम्मत कोई नहीं करता.
ALSO READ : लंका चौराहे पर ट्रैफिक जाम से राहत के लिए बड़ा कदम, ई-रिक्शा एंट्री पर रोक
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि राजातालाब पुलिस कब और कैसे इस चोरी का पर्दाफाश करती है या फिर यह मामला भी पहले की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा. इस मामले पर थाना प्रभारी राजातालाब का कहना है कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है पुलिस टीम जांच कर रही है.



