चोलापुर के डाकघर में कर्मी के मोबाइल से निकला धुआं, अफरातफरी

वाराणसी : चोलापुर डाकघर में गुरुवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब डाक विभाग के एक कर्मचारी की जेब में रखे मोबाइल फोन से अचानक धुआं निकलने लगा. घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और आम लोग घबरा गए.
जानकारी के अनुसार, डाक विभाग के कर्मचारी सुशील सिंह अपने रोज़मर्रा के कामकाज में व्यस्त थे. इसी बीच उनकी जेब में रखे मोबाइल फोन से अचानक तेज़ धुआं उठने लगा. स्थिति को भांपते हुए सुशील सिंह ने तुरंत मोबाइल को जेब से निकालकर दूर फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मोबाइल से धुआं निकलते ही डाकघर परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया. वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल स्थिति को संभाला. राहत की बात यह रही कि मोबाइल के फटने से पहले ही उसे शरीर से अलग कर दिया गया, जिससे सुशील सिंह को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई.
ALSO READ : वाराणसी में आपसी विवाद में फेंकी पतीले की खौलती चाय, वाहन चालक झुलसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना का कारण मोबाइल की बैटरी में खराबी या अंदरूनी शॉर्ट सर्किट हो सकता है. हालांकि, समय रहते सतर्कता बरते जाने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. घटना के बाद डाकघर में कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित रहा, लेकिन बाद में हालात सामान्य हो गए.



