कांशीराम आवास में हादसों और जर्जर भवनों पर सपा ने खोला मोर्चा, सौंपा ज्ञापन...

वाराणसी : शिवपुर स्थित कांशीराम आवास योजना में भवनों की जर्जर स्थिति और स्थानीय निवासियों की जान-माल के खतरे को लेकर आज सपा नेता जीशान अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी, वाराणसी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन के माध्यम से सपा नेता ने प्रशासन का ध्यान कॉलोनी की अत्यंत दयनीय और भयावह स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि पिछले 10 दिनों के भीतर बरामदे और छज्जे गिरने की दो बड़ी घटनाएँ हो चुकी हैं. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की अकाल मृत्यु हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
सपा नेता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले लोग हर पल खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं. प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के कारण आज यहां लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है. जर्जर छज्जों के साथ-साथ पूरी कॉलोनी में नालियां खुली पड़ी हैं, जहां गंदा पानी और कचरा बीमारियों को न्योता दे रहा है. यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है."
ALSO READ:पुलिस का छात्रों से संवाद, समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को खुलकर साझा करने को किया प्रोत्साहित...
शिवपुर के सपा नेता पुनीत मौर्य ने ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष विभिन्न मांगो को रखा.मांग की कि कॉलोनी के जर्जर भवनों, छज्जों और बरामदों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट तथा अति-संवेदनशील हिस्सों की अविलंब मरम्मत कराई जाए. जलजमाव व संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए खुली नालियों की सफाई कराकर उन्हें तुरंत ढंकने की व्यवस्था की जाए. सपा नेता शुभम सेठ गोलू ने मांग की है हादसे में मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए तथा घायलों के नि:शुल्क और समुचित इलाज की व्यवस्था प्रशासन करे.
सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि निवासियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी. ज्ञापन देने आये लोगों में मुख्यरूप से शिवेंद्र राय, सोनू सोनकर, इमरान रज़ा, अजीजुर्रहमान, सोनी सेठ, चंदा देवी, हीरामनी, मुन्नी देवी सहित सैकड़ों महिलाएं व अन्य लोग उपस्थित रहे.



