सावन में महिला कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्था, काशी में अलग ठहरने और स्तनपान कक्ष की सुविधा...

वाराणसी : सावन माह के आगमन के साथ ही काशी केसरिया रंग में रंग उठी है. बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. इनमें बड़ी संख्या में महिला कांवरियों के आगमन को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और वाराणसी नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग ठहरने की व्यवस्था, शौचालय तथा स्तनपान कक्ष उपलब्ध कराया है.
शिविरों में अलग-अलग व्यवस्था
नगर निगम शहर में 12 निःशुल्क कांवरिया शिविर और तीन क्लॉक रूम बनाये गए हैं. शिविरों में महिला और पुरुष कांवरियो के लिए अलग-अलग आवास की व्यवस्था की गई है. प्रत्येक शिविर में पेयजल, बिजली, पंखे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, चादर, तकिए और कूलर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त विश्राम स्थलों की व्यवस्था भी की जाएगी.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि महिला श्रद्धालुओं के लिए शौचालय और स्तनपान कक्ष अलग से बनाए गए हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो.
संयुक्त टीमें चौबीसों घंटे तैनात
इसके अलावा जलकल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों की संयुक्त टीमें चौबीसों घंटे तैनात रहेंगी. ये टीमें पेयजल, साफ-सफाई, व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करेंगी तथा किसी भी शिकायत का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगी. विशेष रूप से महिला कांवरियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे बिना किसी कठिनाई के बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर सकें और अपनी धार्मिक यात्रा सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से पूरी कर सकें.



