राष्ट्रीय खेल दिवस पर BHU के शिक्षा संकाय में खेल गतिविधियो का आयोजन....

वाराणसी :हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय u(BHU) के शिक्षा संकाय में विभिन्न खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ खेल गतिविधियों में भाग लिया और खेल भावना, अनुशासन व टीम भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
चंदन के पौधे लगाकर दिया हरियाली का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। शिक्षा संकाय परिसर स्थित वंदे मातरम् उद्यान में चंदन के पौधों का पौधरोपण किया गया। चंदन के पौधे अधिवक्ता विनोद वर्मा की ओर से दान किए गए। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान रेंजर राजकुमार ने शिक्षा संकाय परिसर का भ्रमण कर खेल मैदान और शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान को विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी और व्यवस्थित बनाने के लिए मैदान के समतलीकरण एवं पुनर्रूपांकन में सहयोग का आश्वासन दिया। इसके साथ ही परिसर में मौजूद पेड़ों की आवश्यक छंटाई और पुनः आकार देने के संबंध में भी सहयोग की बात कही।
ALSO READ:स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, दिशानिर्देश जारी...
मेजर ध्यानचंद के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार सिंह सहित संकाय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल के प्रति उनके समर्पण और देश के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. आलोक गार्डिया, प्रो. योगेंद्र पाण्डेय, प्रो. आर.एन. शर्मा, आरक्षाधिकारी डॉ. पंकज सिंह, प्रशासनिक संरक्षक डॉ. आकाश रंजन, प्रो. संजय सोनकर, डॉ. मुदित पाण्डेय और सेक्शन ऑफिसर अशोक वर्मा समेत अन्य शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों के प्रति जागरूक रहने और पर्यावरण के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।



