सुरक्षित आवाजाही पर संकट: पाथवे कब्जाकर सजा दिया रेस्टोरेंट, सड़क बनी पार्किंग

वाराणसी : आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊचुंगी में जीटी रोड किनारे पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए पाथवे पर कब्जा कर रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा है. जीटी रोड पर भदऊचुंगी रेलवे डाट पुल से पहले ‘गोलू कचौड़ी’ नाम से संचालित रेस्टोरेंट के बाहर पाथवे पर फूड कार्ट रखकर रास्ते को घेर लिया गया है. इससे पैदल राहगीरों को पाथवे छोड़कर सड़क की ओर से गुजरना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, जीटी रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाए गए पाथवे का उद्देश्य राहगीरों को तेज रफ्तार वाहनों से अलग सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है, लेकिन रेस्टोरेंट के बाहर पाथवे पर फूड कार्ट रखे जाने से उसका बड़ा हिस्सा इस्तेमाल के लायक नहीं रह गया है.

शाम होते ही एक लेन में बढ़ जाती है जाम की समस्या
व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर पैदल यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेस्टोरेंट के बाहर केवल पाथवे पर ही कब्जा नहीं है, बल्कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग भी कराई जाती है. रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी होती हैं. शाम होते ही जीटी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. इसका असर भदऊचुंगी रेलवे डाट पुल के पास यातायात पर पड़ता है. लोगों के मुताबिक शाम के वक्त वाहनों की अधिकता और सड़क किनारे पार्किंग के कारण सड़क की एक लेन में वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है. भदऊचुंगी-राजघाट पुल मार्ग पर वैसे भी शाम के समय जाम की स्थिति बनती रहती है. ऐसे में पाथवे और सड़क कब्जा करने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ रही है.
ALSO READ : अंकपत्र में त्रुटियों से नाराज छात्रों का धरना प्रदर्शन, काशी विद्यापीठ प्रशासन से सुधार की मांग
20 कदम की दूरी पर मंदिर और अपार्टमेंट
जिस स्थान पर पाथवे पर कब्जे की बात सामने आई है, वहां से कुछ ही दूरी पर मंदिर और अपार्टमेंट भी स्थित है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आने-जाने वालों की संख्या लगातार बनी रहती है. पाथवे बाधित होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सड़क की तरफ से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
गौरतलब है कि वाराणसी कमिश्नरेट में हाल ही में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया था. सीपी मोहित अग्रवाल ने सार्वजनिक स्थानों और रास्तों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे. अभियान के दौरान शहर के कई इलाकों में सड़क और फुटपाथ से कब्जे हटाए गए थे. इसके बावजूद भदऊचुंगी में पाथवे पर कथित कब्जे और सड़क पर पार्किंग की स्थिति बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी गरीब या छोटे दुकानदार की ओर से सार्वजनिक रास्ते पर इस तरह कब्जा किया जाता तो नगर निगम और पुलिस की कार्रवाई जल्द हो जाती.



