शिक्षिका शव फंदे से लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

वाराणसी : चोलापुर थाना क्षेत्र के गहुरा गांव में शिक्षिका ज्योति दूबे (25) कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकी मिली. परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ अग्रिम कार्रवाई में जुट गई. ज्योति की शादी तीन साल पहले अभिषेक उर्फ लल्लू दूबे पुत्र शशिकांत दूबे से हुई थी. वह एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थी, जबकि उसका पति छत्तीसगढ़ में रहकर अध्यापन करता है.
शुक्रवार को ज्योति काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली. परिवार को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद ससुर शशिकांत दूबे ने पुलिस को सूचना दी. दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने ज्योति को फंदे से लटका देखा. जानकारी पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए. ज्योति का मायका चोलापुर थाना क्षेत्र के देईपुर गांव में है. विवाहिता का दो वर्ष का एक बेटा है. पति के छत्तीसगढ़ में रहने के कारण ज्योति ससुराल में अकेली रहती थी और परेशान थी. हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ : पीएम के आगमन और एयर शो को लेकर तगडी हुई सुरक्षा, पुलिस आयुक्त ने की ब्रीफिंग
ट्रेन से गिरकर घायल यात्री की मौत
वाराणसी के बनारस स्टेशन के उत्तरी छोर पर शुक्रवार की देर शाम स्पेशल ट्रेन 04072 से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. आननफानन आरपीएफ स्टाफ ने उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बनारस स्टेशन के पास ट्रैक पर लगे किलोमीटर संख्या 208/31-32 के बीच यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया था. हेड कांस्टेबल सत्येंद्र नाथ तिवारी ने शाम चार बजे स्टेशन मास्टर को सूचना दी. आरपीएफ जवानों ने मंडलीय अस्पताल भिजवाया. आधार कार्ड से मृतक की पहचान सादिक अब्दुल्ला, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई. आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि उसकी मौत की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है.



