सीएम ग्रिड्स योजना से चमकेगी शहर की सड़कें, नगर आयुक्त ने परखी प्रगति

वाराणसी: प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी की सड़कों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे कार्यों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर निर्माण कार्यों की पड़ताल की । उन्होंने गोलघर कचहरी, सुंदरपुर मुख्य मार्ग की भौतिक प्रगति देखी। साथ हीअस्सी घाट से रविदास घाट तक का भी निरीक्षण किया ।
इस दौरान उन्होंने समय से गुणवत्तायुक्त कार्य कराने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई क चेतावनी दी । सीएम ग्रिड्स योजना के तहत प्रथम चरण में 4784.53 लाख रुपये से छह प्रमुख मार्गों का कायाकल्प किया जा रहा है। इन सड़कों को दस मीटर से अधिक चौड़ी किया जा रहा है। साथ ही भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, फुटपाथ और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।

अंडरग्राउंड डक्ट बनने से भविष्य में बिजली या पाइपलाइन के लिए सड़कों को बार-बार खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, द्वितीय चरण के लिए भेलूपुर विद्युत कार्यालय से वंशीधर अपार्टमेंट तक के मार्ग के लिए 722.15 लाख रूपये की स्वीकृति मिल चुकी है।। वर्तमान में तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम, घंटी मिल से सिगरा थाना और सुंदरपुर मुख्य मार्ग में काम चल रहा है। कुछ सड़कों पर करीब 40 से 47 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण हो चुका है।
घाटों की सफाई और जन-सुविधा का निर्देश
नगर आयुक्त ने अस्सी घाट से लेकर रविदास घाट तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया। सड़कों के साथ-साथ उन्होंने घाटों पर विशेष साफ-सफाई रखने और कचरा निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित निगम व कार्यदायी संस्था के अधिकारी व इंजीनियर मौजूद थे।



