रील्स बनाने के चक्कर में 'बाहुबली' बनने का शौक सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर बनी चर्चा का विषय...

वाराणसी: रामनगर सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवाओं के बीच दबंगई और भौकाल दिखाने का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है इसी कड़ी में रामनगर क्षेत्र से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है
बताया जा रहा है कि यह तस्वीर पंचवटी क्षेत्र स्थित मंशा देवी मंदिर के पास की है. वायरल तस्वीर में एक युवक कमर में तमंचानुमा वस्तु लगाए और हाथ में डंडा लिए दिखाई दे रहा है. तस्वीर के साथ लिखे गए कुछ संदेशों को लेकर भी लोगों के बीच चर्चाएं तेज हैं.
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि तस्वीर में दिखाई दे रहा युवक क्षेत्र में सब्जी विक्रेता का कार्य करता है. हालांकि, गांडीव डिजिटल इस वायरल तस्वीर में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान अथवा तस्वीर से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और खुद को प्रभावशाली दिखाने के लिए कुछ युवा इस तरह की तस्वीरें और रील्स बनाकर साझा कर रहे हैं. ऐसे मामलों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में चिंता भी व्यक्त की जा रही है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तस्वीर में दिखाई दे रही तमंचानुमा वस्तु वास्तविक हथियार है या केवल प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल की गई कोई अन्य वस्तु. मामले में अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
also read:पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर; अस्पताल में भर्ती...
विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या हथियार जैसी वस्तुओं का सार्वजनिक प्रदर्शन कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल के दृष्टिकोण से संवेदनशील विषय माना जाता है ऐसे मामलों में तथ्यात्मक जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा



