सामाजिक विज्ञान और विज्ञान संस्थान ने फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में बनाई जगह....

वाराणसी:काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित अंतर-संकाय फुटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष) 2026-27 के चौथे दिन सेमीफाइनल के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन करते हुए सामाजिक विज्ञान संकाय और विज्ञान संस्थान ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में सामाजिक विज्ञान संकाय ने वाणिज्य संकाय को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से करारी शिकस्त दी। सामाजिक विज्ञान की ओर से पी. तोमांग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में कला संकाय और विज्ञान संस्थान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित दोनों हाफ के बाद दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में विज्ञान संस्थान ने कला संकाय को 4-3 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। विज्ञान संस्थान के गोलकीपर देवांगू सरकार ने कई महत्वपूर्ण गोल बचाकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रोफेसर अभिजीत मंडल (आईएमएस, बीएचयू) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह तथा महासचिव प्रो. ए.के. नेमा ने भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की।
मुकाबलों के दौरान फुटबॉल के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चाहर, प्रो. निर्मला होरो समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
ALSO READ:ई-रिक्शा चोरी के आरोपी को कैंट पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन ई-रिक्शा और चार बैटरियां बरामद
प्रतियोगिता के सुचारू संचालन में सचिव डॉ. कविता वर्मा, डॉ. दीपक डोगरा, उपनिदेशक डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. खुर्शीद अहमद, डॉ. धीरेन्द्र तिवारी, डॉ. प्रदीप खालको, सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव, डॉ. प्रियंका यादव और डॉ. वैभव समेत क्रीड़ा परिषद के अन्य सदस्यों का योगदान रहा। निर्णायक की भूमिका में धर्मेन्द्र, जावेद, अर्जुन, निर्भय और अमित पटेल ने मैचों का संचालन किया।
अब टूर्नामेंट के फाइनल में सामाजिक विज्ञान संकाय और विज्ञान संस्थान आमने-सामने होंगे।



