25 अगस्त को निकलेगा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, 35 मंचों पर होगी नातिया प्रस्तुति

वाराणसी : मरकजी यौमुन्नबी कमेटी की ओर से 25 और 26 अगस्त को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) मनाया जाएगा, गुरुवार को मैदागिन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कमेटी के सदर हाजी सैय्यद शकील अहमद और सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने कार्यक्रम की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त की शाम बेनियाबाग के हड़हा मैदान से जुलूस निकलेगा, जुलूस सराय हड़हा, छत्तातले, नारियल बाजार, दालमंडी, नई सड़क, कुरैशाबाद, फाटक शेख सलीम, आस्ताना रहीम शाह, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग होते हुए अमीन मंजिल बेनियाबाग पहुंचेगा, यहां आगाजी तकरीर और नातिया मुकाबला होगा, कमेटी के तहत 35 मंचों पर अंजुमनों द्वारा नातिया कलाम पेश किया जाएगा.
26 अगस्त की शाम दालमंडी स्थित नश्रगाह मंच से अंजुमनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, कमेटी ने प्रशासन से जुलूस से पहले दालमंडी क्षेत्र की सफाई, सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था और सीवर के बहते गंदे पानी की समस्या दूर कराने की मांग की है. साथ ही जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का अनुरोध किया.
ALSO READ : मंडलीय अस्पताल में गांडीव डिजिटल की पड़ताल, चिकित्सा व्यवस्था पर उठे सवाल
कमेटी के सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने कहा, कि जश्न को काशी की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा, प्रेसवार्ता में कमेटी के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे.



