वाराणसी में लापता ई रिक्शा चालक की दोस्तों ने की थी हत्या, गंगा में फेंका था शव, ऐसे हुआ खुलासा

वाराणसी : आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके से बीते 28 जनवरी को लापता हुए ई रिक्शा चालक सनी सोनकर (25) की हत्या की गई थी. उसकी हत्या उसके ही चार दोस्तों ने मिल कर की है, पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कमीशन के पैसे के लेनदेन को लेकर सनी से उनका विनाद हुआ था. चारों ने उसकी हत्या कर शव विश्वसुंदरी पुल से गंगा नदी में फेंक दिया था.
इस मामले में पुलिस के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज में चारों युवक सनी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे. जिसके आधार पर पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ. गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक चौहान निवासी जलालीपुर थाना जैतपुरा, संतोष कुमार गौतम उर्फ मोगली निवासी लाट भैरव थना आदमपुर और वीरू गुप्ता निवासी भिटकुरी पोस्ट कपसेठी थाना कपसेठी शामिल हैं.

आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि हत्या में शामिल युवक सनी के साथी हैं. हत्या की पुष्टि के बाद सनी की लाश बरामद करने के लिए आदमपुर पुलिस एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम के साथ मिलकर विश्वसुंदरी पुल और आसपास के घाटों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है. पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि उसके साथी सनी को पहले जलालीपुरा ले गए, जहां चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट की. यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की, लेकिन चारों युवक तरह तरह की बातें पुलिस को बता रहे थे. बाद में बताया कि सनी से कमीशन के पैसे की लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. जिससे चारों उससे खार खाए थे.
ALSO READ ; वाराणसी के दालमंडी में 34 मकानों का एक साथ ध्वस्तीकरण, मीडिया पर पुलिस ने लगाई रोक
परिजनों ने लगाया था लापरवाही का आरोप
सनी के परिजनों ने बीते रविवार को आदमपुर थाने पहुंच कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा कर हंगामा किया था. सनी के बड़े भाई सूरज और मां मंजू देवी ने पहले ही हत्या की आशंका जताई थी. उनका कहना था कि 28 जनवरी की रात सनी को चार युवक घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. पुलिस ने इस मामले में 6 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी.



