मुख्यमंत्री योगी से मिला वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन, सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन, पात्र कारोबारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की उठाई मांग...

वाराणसी : वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट कर सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा एवं व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 के प्रभावी और निष्पक्ष अनुपालन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वैध और ईमानदार सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर सतर्कता समितियों का गठन किया जाए, ताकि कानून के पालन के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
ज्ञापन में प्रदेश में सर्राफा व्यापार से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों का भी उल्लेख किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से नियमों के अनुरूप पात्र सर्राफा व्यवसायियों को शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की. उनका कहना था कि इससे व्यापारियों, प्रतिष्ठानों और बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
ALSO READ : वाराणसी मंडल का विशेष टिकट जांच अभियान, बिना टिकट सफर कर रहे 38 यात्री पकड़े गए...
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और सर्राफा व्यवसायियों के हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया. प्रतिनिधिमंडल में वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधाकृष्ण अग्रवाल, महामंत्री रवि सर्राफ तथा उपाध्यक्ष सुमित वर्मा शामिल रहे.



