रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला में इन्हें मिली राम और सीता की भूमिका, इस दिन होगा श्री गणेश...

वाराणसी : रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला की उल्टी गिनती शुरू होने वाली है. रविवार दो अगस्त को गणेश पूजा के साथ लीला का श्रीगणेश हो जाएगा. 25 सितंबर से शुरू हो रही विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला के लिए मुख्य स्वरूपों का चयन हो गया. कडी परीक्षा के बाद इसमें अंश पांडेय को राम और रुद्र उपाध्याय का चयन सीता की भूमिका के लिए हुआ है. लीला का श्रोताओं को बेसब्री से इंतजार रहता है.
रविवार दो अगस्त को चौक स्थित पक्की पर प्रथम गणेश पूजन के साथ ही रामलीला का श्रीगणेश हो जाएगा. इससे पहले काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह की उपस्थिति में मुख्य स्वरूपों के चयन के लिए तीसरी बार स्वर परीक्षा हुई. रामनगर किले के जवाहिरखाने के ऊपर खुली छत पर स्वर परीक्षा में वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर आदि जिलों के 23 बच्चों ने भाग लिया. इन बच्चों से श्लोक, मानस की चौपाइयां सुन कर इनकी आवाज और कंठ की मिठास और बाल सुलभ कमनीयता परखी गई. इसके बाद डॉ. अनंत नारायण सिंह की सहमति के बाद पांच बच्चों के चयन पर अंतिम मुहर लगी.
ALSO READ : सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त, हिट एंड रन और राह-वीर योजना पर दिए निर्देश
चयन के मुताबिक चुनार मिर्जापुर निवासी अंश पांडेय राम की भूमिका निभाएंगे. दुलहीपुर, मुगलसराय के रुद्र उपाध्याय सीता की भूमिका में होंगे. प्रह्लादघाट के श्रेयांश उपाध्याय भरत, महमूरगंज के भरत तिवारी लक्ष्मण बनेंगे. शत्रुघ्न की भूमिका में जमालपुर मिर्जापुर के शिवांश उपाध्याय रहेंगे.आम तौर पर स्वर परीक्षा दो चरणों में की जाती है लेकिन दो दौर में योग्य बच्चों के नहीं मिलने से तीसरे दौर की चयन परीक्षा में अंतिम रूप से बच्चों का चयन हुआ. स्वर परीक्षा के दौरान रामलीला के मुख्य व्यास शिवदत्त व्यास, रामलीला अधिकारी जयप्रकाश पाठक, आदित्य व्यास, मनोज श्रीवास्तव भी मौजूद थे.



