कमर में पिस्टल, हाथ में बेसबॉल लेकर बना रहे थे भौकाल, फोटो वायरल होने पर पुलिस ने दबोचा...

वाराणसी : रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी इलाके से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फोटो युवकों के लिए मुसीबल का सबब बन गया. पिस्टल और बेसबॉल बैट वाले इस फोटो के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने फोटो में दिखाई दे रहे दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान सामने आया कि सोशल मीडिया पर रौब और भौकाल बनाने के उद्देश्य से यह फोटो पोस्ट किया गया था.
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हुआ. तस्वीर में एक युवक कमर में पिस्टल लगाए खड़ा दिखाई दे रहा, जबकि उसके साथ खड़ा दूसरा युवक हाथ में बेसबॉल बैट लिए नजर आ रहा. वायरल पोस्ट के बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत 'माथे पगरिया अ मुहवा में पान बा, पिस्टल कमर में अ सीना उथान बा...' बज रहा है.

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने मामले को संज्ञान में लिया और रामनगर के पंचवटी इलाके से पुलिस ने आशीष सोनकर और महेश सेठ को हिरासत में ले लिया. पुलिस की पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि करीब दो माह पहले शौकिया तौर पर यह फोटो खिंचवाई गई थी. बाद में आशीष सोनकर ने क्षेत्र में भौकाल बनाने और सोशल मीडिया पर प्रभाव दिखाने के उद्देश्य से इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया था. जांच के दौरान पुलिस ने तस्वीर में दिखाई दे रहे कथित हथियार की भी पड़ताल की.
ALSO READ : वाराणसी में दुकान से घर जा रहे व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम...
पुलिस के मुताबिक आशीष सोनकर की कमर में लगा हुआ पिस्टल असल में लाइटर निकला. पुलिस ने लाइटर को कब्जे में ले लिया है. वहीं वायरल तस्वीर में दिखाई दे रही कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है. एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारनुमा वस्तु के साथ फोटो पोस्ट कर भय और प्रभाव पैदा करने का प्रयास किया गया था. मामले में हिरासत में लिए गए दोनों युवकों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.



