ठंड में चोरों की चांदी, लोहता में साड़ी व्यवसायी के घर से 10 लाख की चोरी

वाराणसी - ठंड बढ़ने के साथ जिले में चोरी की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है. इसी क्रम में लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा नई बस्ती गांव में सोमवार की देर रात साड़ी व्यवसायी असलम के घर में छत से घुसे चोरों ने अलमारी से साढ़े 5 लाख नकद और लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया. कुल चोरी 10.5 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार असलम और उनका परिवार रात में खाना खाकर सो गए थे. चोरों ने छत के रास्ते सीढ़ी के जरिए घर में प्रवेश किया. उन्होंने असलम के जैकेट से आलमारी की चाबी निकाली और अलमारी खोलकर नकदी तथा आभूषण चुरा लिए. चुराए गए आभूषणों में एक जोड़ी सोने का झुमका, एक जोड़ी सोने का आयरन, एक जोड़ी सोने की नथनी, एक पीस जुगनू, दो जोड़ी मांग टीका, दो जोड़ी परी, दो जोड़ी चूड़ी, एक जोड़ी मंगलसूत्र, एक पीस चांदी का मांग टीका और एक पीस चांदी का झुमका शामिल हैं. सुबह उठने पर परिवार को आलमारी खुली और सामान अस्त-व्यस्त मिला, तब उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद तुरंत लोहता थाने को सूचना दी गई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

रातभर जागते भागते रहते हैं चोर
आए दिन हाे रही चोरी की घटनाओं से लग रहा है कि चोर रातभर जागते भागते फिर रहे हैं. वहीं पुलिस सो रही है. जिले में 45 चोरी की घटनाएं महज 30 दिनों में हुई, जबकि खुलासा 11 का ही पुलिस कर पाई. कुछ मामले में पुलिस ने जांच की बात कहकर एफआईआर तक दर्ज नहीं की. आंकड़ों के मुताबिक, शिवपुर, सारनाथ, रामनगर और बड़ागांव क्षेत्र चोरों के लिए सबसे मुफीद साबित हो रहे हैं. इन इलाकों में घरों, दुकानों और बंद मकानों को निशाना बनाकर चोर लाखों के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर चुके हैं. कुछ जगहों पर पहले चोरों ने रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस की कार्रवाई महज सीसी कैमरों को चेक कर ही सीमित रही.
ALSO READ :लोहता में डंपर में डीसीएम ने मारी टक्कर, चालक की मौत
शहर का बाहरी इलाका साफ्ट टारगेट
शहर के बाहरी इलाके चोरों के साफ्ट टारगेट हैं. बसे ज्यादा शिवपुर क्षेत्र को चोरों ने खंगाला. 30 दिन में 11 घटनाएं हो चुकी हैं. सात दिसंबर को बिजली विभाग के एसओडी के घर चोरी हुई. 16 दिसंबर को वायुसेना में पायलट के घर में चोरी हुई. 15 दिसंबर को निर्माणाधीन मकान में चोरी. इसके अलावा लालपुर पांडेयपुर, सारनाथ और देहात क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं.



