वाराणसी में हर महीने हजारों लोग बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के चला रहे वाहन, लाखों का चालान...

वाराणसी : तमाम कोशिशों के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कम नहीं हो रहे हैं. शहर में यातायात नियमों की अनदेखी लगातार गंभीर समस्या बनी हुई है. यातायात पुलिस की सख्ती और जागरूकता अभियानों के बावजूद हर दिन हजारों वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. बीते चार महीनों में बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलने वालों की बड़ी संख्या कैमरे में कैद हुई है.
आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 30 अप्रैल तक कुल 1,76,830 वाहनों का चालान केवल हेलमेट और सीट बेल्ट उल्लंघन में किया गया. महीनेवार आंकड़ों में जनवरी में 41,969, फरवरी में 43,728, मार्च में 41,319 और अप्रैल में 49,814 चालान दर्ज किए गए. यह स्पष्ट करता है कि नियम तोड़ने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिसमें अप्रैल सबसे अधिक उल्लंघन वाला महीना रहा. इसके अलावा यातायात पुलिस ने अन्य गंभीर उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की है. चार महीनों में ओवरस्पीडिंग के 4,901 चालान किए गए, जबकि रेड लाइट जंप और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े 5,089 मामलों में कार्रवाई हुई. नशे की हालत में वाहन चलाने पर 257 चालान किए गए. वहीं अन्य श्रेणियों में 72,577 चालान दर्ज किए गए. इस प्रकार कुल मिलाकर चार महीनों में 2,59,672 वाहनों पर यातायात नियमों के उल्लंघन में चालान किया गया है. इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से भी हर महीने औसतन पांच हजार चालान किए जा रहे हैं.
ALSO READ:वाराणसी परिक्षेत्र में ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत 165 गिरोह चिन्हित, पांच दिन चला अभियान...
यातायात विभाग के अनुसार, तमाम प्रयासों के बावजूद लोग नियमों का पालन करने में लापरवाही बरत रहे हैं. विभाग समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चला रहा है, लेकिन सड़क पर अनुशासन की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है. इस संबंध में एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि नियमों के पालन को लेकर लगातार सख्ती की जा रही है और जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके



