गाड़ी में बैठाकर छिनैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चेन-ब्रेसलेट और अंगूठी बरामद

वाराणसी : लंका पुलिस ने गाड़ी में बैठाकर छिनैती की घटना को अंजाम देने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती का सामान, घटना में प्रयुक्त वाहन और एक चाकू बरामद किया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को 21 अगस्त को गढ़वा घाट के पीछे खाली मैदान के पास से गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्तईपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर निवासी अश्विनी कुमार (46), चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुल्लमपट्टी निवासी वैभव कुमार मौर्या (20) और लोकवनपुर घमुनिया मोड़ निवासी राजेश्वर केसरी (25) के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को पीड़ित ने लंका थाने में छिनैती की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। इसके बाद मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गढ़वा घाट के पीछे खाली मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया.
ALSO READ : बिहार के ग्रामप्रधानों का दल वाराणसी पहुंचा, भ्रमण कर देखा ग्रामीण विकास का खाका
चेन, ब्रेसलेट और अंगूठी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु की एक चेन, एक ब्रेसलेट, एक अंगूठी, एक हैंडमेड चाकू और घटना में प्रयुक्त यूपी 32 आरई 5005 नंबर का वाहन बरामद किया है.
मामले में लंका थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 0426/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 140, 309(6), 351(2), 352, 3(5) और बढ़ाई गई धारा 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तारी करने वाली टीम में लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक पवन कुमार पांडेय, महिला उपनिरीक्षक शिप्रा सिंह, उपनिरीक्षक पवन सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे.



