काशी में जाम की जलालत - आधी सड़क घेरकर निकाली बारात से यातायात बाधित, एफआईआर

वाराणसी : दिन में जाम की जलालत झेल रहे काशीवासी शादी-विवाह के सीजन में रात को भी इस समस्या से रूबरू हो रहे हैं. मंगलवार की मध्य रात्रि उस समय यह मंजर देखने को मिला जब भिखारीपुर तिराहा स्थित बंगाल स्वीट्स के सामने आधी सड़क घेरकर रोडलाइट, बैंड-बाजा और तेज आवाज में डीजे बजाते हुए बारात निकाली गई. इससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा. सूचना मिलने पर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए वैष्णव लॉन के संचालक और डीजे संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सड़क जाम कर बारात निकालने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में दोनों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मैरेज लॉन संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पूरी सड़क घेरकर बारात निकालने या यातायात बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बावजूद इसके लगन शुरू होते ही शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बनने लगी है; स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक तेज डीजे और सड़क पर अव्यवस्थित बारात के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
ALSO READ:वाराणसी एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए टनल खोदाई से गिरा दो मंजिला मकान, जनहानि होने से बची
यह तो एक क्षेत्र की बानगी है. ऐसा ही मंजर मैदागिन, मंडुवाडीह, ककरमत्ता, महमूरगंज, राजघाट, विशेश्वरगंज, कज्जाकपुरा, आशापुर, सारनाथ, कचहरी, पांडेयपुर, बीएलडब्ल्यू समेत कई रास्तों पर देखने को मिला जहां बरात के कारण ट्रैफिक का दम घुटता रहा. एक किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को घंटों लग गए. इसके पीछे एक वजह यह बातई गई कि बाहरी वाहनों का दबाव अधिक हो गया. अधिकारियों का कहना है कि शहर में बरात की वजह से जाम का सामना करना पड़ा. जहां ज्यादा समस्या रही वहां अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाकर यातायात सुचारू कराया गया.



