रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, कार से टक्कर में पिता के सामने बेटे की मौत

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड-3 पर बभनपुरा गंगापुल पर सोमवार की रात एक दर्दनाक सडक हादसा हो गया. कार की टक्कर से बाइक सवार आरुष यादव (14) की मौत हो गई. टक्कर लगने के बाद वह अर्द्धनिर्मित गंगापुल के पिलर पर जा गिरा और सीने में सरिया धंसने से घटनास्थल पर ही दम तोड दिया. काफी देर तक उसका शव पिलर पर ही पड़ा रहा. हादसे में पिता अशोक यादव घायल हो गए. बेटे को क्रिकेट की कोचिंग से लेकर पिता बाइक से घर लौट रहे थे. पुलिस ने आयुष के शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कैथापुर निवासी अशोक यादव बेटे आरुष को हरहुआ में क्रिकेट कोचिंग कराकर बाइक से घर लेकर लौट रहे थे. रिंग रोड बभनपुरा गंगापुल के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि आरुष यादव हवा में उछलकर निर्माणाधीन पुल के दूसरे लेन के पिलर पर जा गिरा. टक्कर के बाद चालक कार लेकर भाग निकला. सूचना के बाद डायल-112 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस को सूचना दी. हालांकि एंबुलेंस लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची, इसे लेकर लोगों ने नाराजगी जताई.
ALSO READ: स्कूल में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का अभिभावकों ने किया विरोध, लगाया यह आरोप
चौकी प्रभारी राघवेंद्र मौर्य ने घायल पिता और बेटे को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित किया और पिता की हालत नाजुक देख दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से कार चालक की पहचान कराई जा रही है. रिंग रोड बभनपुरा गंगा पुल पर अधिकतर जगहों पर अंधेरा है. लाइट नहीं जलने के कारण आए दिन हादसों का भय रहता है. वहीं, बैरिकेडिंग भी सही तरीके से नहीं की गई है. पुल निर्माण में लगे कार्यदायी संस्था के वाहनों और मशीन भी पुल पर बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं.



