ट्रांसफार्मर में आग लगने से मची अफरा तफरी, घरों में घुसा धुआं

वाराणसी- शहर के भीड़भाड़ वाले नई सड़क इलाके में शनिवार सुबह एक ट्रांसफार्मर के नीचे अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई. आग ने देखते ही देखते ट्रांसफार्मर को भी चपेट में ले लिया. घटना सुबह के समय हुई जब बाजार में चहल पहल शुरू हो गई थी. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर के आसपास लंबे समय से जमा कचरा और नीचे से गुजर रही खुली बिजली की तारें आग की चपेट में आ गईं. देखते ही देखते आग फैल गई और धुएं का गुबार उठने लगा. तंग गलियों के कारण धुआं फैलने से लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए ताकि आग फैलने की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके.

घटना की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया. दमकल कर्मियों ने सीमित संसाधनों और संकरी गलियों की चुनौती के बावजूद स्थिति को नियंत्रित किया. कुछ ही देर में आग पूरी तरह बुझा दी गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है. कुछ दुकानों के बाहरी हिस्सों को आंशिक नुकसान होने की बात स्थानीय लोगों ने कही है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
नई सडक की इस घटना ने वाराणसी की पुरानी विद्युत व्यवस्था की स्थिति को फिर उजागर कर दिया है. शहर की ऐतिहासिक गलियों में जगह जगह पुराने तार लटके हुए हैं और कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड की स्थिति में चल रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं की शिकायत की जा रही है लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.

खुले तार और जर्जर उपकरण आगजनी जैसी घटनाओं का कारण बन रहे हैं जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खडे हो रहे हैं. स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जरूरत के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे. स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि नई सडक और आसपास के बाजार क्षेत्रों में पुराने तारों को बदला जाए और ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच की जाए.



