क्षेत्रीय हिंदी नाट्योत्सव में वाराणसी मंडल का जलवा, ‘शतरंज के खिलाड़ी’ को मिला प्रथम पुरस्कार

वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने क्षेत्रीय हिंदी नाट्योत्सव-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया है, गोरखपुर के रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित क्षेत्रीय रेलवे हिंदी नाटक प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी ‘शतरंज के खिलाड़ी’ का प्रभावशाली मंचन कर निर्णायक मंडल और दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी.
प्रस्तुति में सशक्त अभिनय, प्रभावशाली रंगभाषा और समकालीन संदर्भों के जरिए सामाजिक चेतना, कर्तव्य-विमुखता, व्यक्तिगत स्वार्थ तथा बदलते सामाजिक-राजनीतिक परिवेश के प्रति व्यक्ति की जिम्मेदारी जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया.
निर्णायक मंडल में कला-सेवी भरत भूषण तथा रंग एवं सिनेमा जगत के वरिष्ठ कलाकार प्रवीण शामिल रहे, निर्णायकों ने वाराणसी मंडल की प्रस्तुति में निर्देशन, अभिनय, संगीत, मंच-सज्जा और समग्र नाट्य प्रस्तुति की विशेष सराहना की.
नाटक का निर्देशन अमन श्रीवास्तव ने किया। विभिन्न भूमिकाओं में विकास श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, रीना कुमारी, शिवानी सिंह, अर्पिता साहा, काजल राय, अर्चना कुमारी, अंकित कुमार और अनिकेत तिवारी ने प्रभावी अभिनय किया.
संगीत में विशाल मिश्रा और महुआ बनर्जी, रूप-सज्जा में आशा शर्मा तथा मंच-सज्जा में विनोद मौर्य और सुरेन्द्र यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा. ध्वनि प्रभाव कुमार अनुपम ने तैयार किए, जबकि नाट्य दल का प्रबंधन अजय कुमार सिंह ने किया.
डीआरएम ने टीम को किया सम्मानित
प्रथम पुरस्कार मिलने के बाद 12 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने नाट्य दल के सदस्यों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया, उन्होंने पूरी टीम को पुरस्कृत करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं. डीआरएम ने टीम के सामूहिक प्रयास, उत्कृष्ट प्रस्तुति और सांस्कृतिक प्रतिभा की सराहना करते हुए, भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया.
ALSO READ : स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस का सख्त पहरा, छात्राओं को बताया सुरक्षा का ‘सुरक्षा मंत्र’
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह और वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक आशुतोष पाण्डेय ने भी नाट्य दल को इस उपलब्धि पर बधाई दी.



