वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में चला बुलडोजर, मिट्टी में मिला दी झोपड़ियां और कच्चे मकान

वाराणसी - रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर में शनिवार को नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की. नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिली. देखते ही देखते कई झोपड़ियां और कच्चे मकान बुलडोजर से गिरा दिए गए. जिन परिवारों की झोपड़ियां बुलडोजर से गिराई गईं, उनका आरोप है कि कार्रवाई केवल गरीबों के खिलाफ की गई. उनका कहना है कि सामने कई पक्के निर्माण आज भी सीना ताने खड़े हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
कार्रवाई के दौरान पीड़ितों और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर झड़प भी हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कानून सिर्फ झोपड़ियों तक ही सीमित है, या पक्के निर्माण पर भी वही पैमाना लागू होगा. वहीं अधिकारियों की तरफ से कहा गया कि अवैध कब्जा करने वालों को कई बार नोटिस दिया गया था और अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था. इसके बावजूद भी उन लोगों द्वारा अवैध कब्जा नहीं हटाया गया. अंत में मजबूरन अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करवाना पड़ा.
ALSO READ :सराफा व्यापारियों ने पुलिस को किया सम्मान, ज्वेलरी चोर पकडे जाने पर गदगद
करीब 40 मकानों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की गई. इनमें से लगभग 20 घरों पर बुलडोजर चलाया गया.
जैसे ही बुलडोजर आगे बढ़ा, महिलाएं अपने बच्चों को लेकर मशीन के सामने खड़ी हो गईं और कार्रवाई रोकने की गुहार लगाने लगीं. महिलाओं का रो-रोकर विरोध, पुलिस से नोंकझोंक के दृश्य मौके पर मौजूद लोगों को झकझोरते रहे. एक महिला अर्चना ने कहा कि इस कार्रवाई से कई परिवारों की रोजी-रोटी छिन जाएगी और 20 घरों के चूल्हे नहीं जलेंगे. महिलाओं ने चेतावनी दी कि वे अपने अधिकारों के लिए चक्काजाम करेंगी और आरोप लगाया कि उनके साथ अराजकता की गई.



