वाराणसी मंडल के 11 रेलकर्मी 'एक्सीलेंस अवार्ड' से सम्मानित, डीआरएम ने सराहा उत्कृष्ट कार्य...

वाराणसी. पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 रेलकर्मियों को 'एक्सीलेंस अवार्ड' से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में चयनित रेलकर्मियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों ने बेहतर समन्वय, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने संभावित दुर्घटनाओं को टालने और रेल संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और दायित्वबोध की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
ALSO READप्लास्टिक मुक्त काशी के लिए नगर निगम का अभियान तेज, 372 दुकानों पर लगाए जागरूकता स्टीकर...
उन्होंने सभी रेलकर्मियों से हर परिस्थिति में सजगता, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष शुक्ला सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सम्मानित रेलकर्मी:
रवि रंजन पटेल, प्रवीण कुमार राय, रास बिहारी पाण्डेय, संदीप कुमार, राजेश कुमार, उदय कुमार, उमेश कुमार दास, शम्भू शरण कुमार, मनोज कुमार (कांटावाल), शशांक शर्मा तथा मनोज कुमार (कांस्टेबल) को जून-2026 माह के लिए 'एक्सीलेंस अवार्ड' प्रदान किया गया।



