वाराणसी में भीषण गर्मी का कहर, 45.6 डिग्री तापमान को देख रेड अलर्ट जारी

Severe heat wave wreaks havoc in Varanasi, red alert issued after temperature reaches 45.6 degrees Celsius
Varanasi Weather: पुरवा कमजोर पड़ी, उत्तरी-पश्चिमी हवाएं फिर प्रबल हुईं, वातावरण की आर्द्रता घटते ही तापमान ने फिर छलांग लगाई और बीते 24 घंटों में 2.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर 45.6 पर पहुंच गया है. इस प्रकार गुरुवार इस ग्रीष्म ऋतु में अब तक का सबसे गर्म दिन बन गया. आसमान से सूरज मानो आग बरसा रहे थे तो दिशाएं दहक उठीं, धरती तपने लगी, पूरा वातावरण भट्ठी में बदल गया. दिन तो दिन चढ़े तापमान से रातें भी सुलग उठीं, प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल हो उठे. दोपहर के समय 16 किमी प्रति घंटा के वेग से चली गर्म पछुआ की तापलहर अपने संग अंगार लिए बह रही थी, बाहर निकलते ही मानो आग का भभूका शरीर को जला देने को तैयार था. बनारस प्रदेश मेें तीसरा तो देश में 15वां सबसे गर्म शहर रहा.

अनावश्यक बाहर न निकलने की ताकीद
भीषण गर्मी के मौसम में रात का तापमान भी सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने से रात में भी लू चलती महसूस हुई, इस बीच बार-बार बिजली की कटौती बेचैन करती रही और लोग गर्मी के मारे ठीक से सो न सके. मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को तापमान और भी ऊपर जाने का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए शुक्रवार व शनिवार लगातार दो दिनों के लिए प्रचंड तापलहर का रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों काे हीट स्ट्रोक से बचने के लिए अनावश्यक बाहर न निकलने की ताकीद की है.
![]()
बाहर निकलते समय सावधानियों बरतने की सलाह
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान के 46 डिग्री तो न्यूनतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना व्यक्त करते हुए शुक्रवार व शनिवार के लिए प्रचंड तापलहर का रेड अलर्ट जारी किया है. लोगों को दोपहर में अकारण बाहर न निकलने का परामर्श दिया है तो बाहर निकलते समय पर्याप्त सावधानियों बरतने को कहा है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में भीषण गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, एसी-कूलर सब हुए फेल
गुरुवार को सुबह होते ही मानो दोपहर हो गई थी, प्रचंड धूप से बाहर निकलने में आंच लग रही थी, दोपहर के दो बजे पारा 45 के पार गया और हवा की गति 16 किमी प्रति घंटा पहुंची तो पूरा वातावरण धधकता हुआ प्रतीत हुआ. वातावरण की आर्द्रता सूखकर 49 से 15 प्रतिशत के बीच रह गई, बाहर निकलते ही शरीर का पानी सूखता सा लगने लगा, लोग बेचैन हो उठे.



