वाराणसी में ट्रेलर ने ली बाइक सवार महिला की जान, भाई जख्मी, परिवार में कोहराम

In Varanasi, a trailer kills a woman riding a bike, injuring her brother, leaving the family in turmoil.
वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र में मोहनसराय ओवरब्रिज पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया जिसमें 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के निहोर चौरी निवासी बेबी देवी (45), पत्नी नन्हे सरोज, अपने भाई कैलाश सरोज निवासी जेठूपुर, औराई के साथ बाइक से भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी मां प्रेमा देवी को देखने आई थीं. मां से मुलाकात करने के बाद दोनों भाई-बहन बाइक से वापस घर लौट रहे थे.

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को मारी टक्कर
इसी दौरान मोहनसराय ओवरब्रिज पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बेबी देवी सड़क पर दाहिनी ओर गिर गईं और ट्रेलर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, बाइक चला रहे उनके भाई कैलाश सरोज भी हादसे में घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया. साथ ही महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

Also Read: खाड़ी संकट के बीच चीनी राजदूत का वाराणसी भ्रमण, निकाले जा रहे कूटनीतिक मायने
पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं. उनके पति नन्हे सरोज कालीन बुनकर हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.




