UPSC परीक्षा को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट...

वाराणसी : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई. अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने संबंधित थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस और अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया.

आज 24 मई 2026 को आयोजित UPSC प्रारम्भिक परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न हो रही है. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जा रही है. कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 16,121 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों ने राजकीय विद्यालय मलदहिया-सिगरा, ए.ओ. मुस्लिम कॉलेज लल्लापुरा, जेपी मेहता इंटर कॉलेज कैंट और कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज नदेसर समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, कतार प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई.
अपर पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की स्थिति न बनने दी जाए. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए.
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं. परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है.
ALSO READ:पॉक्सो समेत महिला अपराध मामले ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, सिर्फ 33 का निस्तारण
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराई जा सके.



