वीडीए और आईआईटी बीएचयू ने मिलाए हाथ, 115 कॉलेजों में पढ़ाएंगे शहरी नियोजन का पाठ...

वाराणसी : विकास प्राधिकरण वाराणसी और आईआईटी-बीएचयू के बीच सोमवार को वीडीए सभागार में सहयोगात्मक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. इसके तहत शहर के 115 इंटरमीडिएट विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शहरी नियोजन, सतत विकास और विरासत संरक्षण जैसे विषयों पर व्याख्यान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. एमओयू पर आईआईटी-बीएचयू के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन विभागाध्यक्ष प्रो. रबी नारायण मोहंती और वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने हस्ताक्षर किए.
इस पहल के तहत चयनित शिक्षण संस्थानों में संयुक्त रूप से व्याख्यान, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार, संवाद सत्र और अध्ययन भ्रमण आयोजित किए जाएंगे. इनके माध्यम से विद्यार्थियों को वाराणसी मास्टर प्लान, ले-आउट एवं भवन मानचित्र की अवधारणा, भवन मानचित्र स्वीकृति की आवश्यकता, ग्रीन बेल्ट से संबंधित प्रावधान, सिटी प्लान एवं अर्बन प्लानिंग के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा विरासत संरक्षण जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी.
वीडीए के अनुसार शहर के नियोजित विस्तार, विशेषकर अर्ध-शहरी (सेमी-अर्बन) क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास को देखते हुए युवा पीढ़ी को नियोजित विकास के महत्व से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में शहरों के सामने आने वाली मूलभूत समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके. वाराणसी पूर्वांचल के आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है. ऐसे में नागरिकों को नियोजित और समावेशी विकास के प्रति जागरूक करना तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना वीडीए की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
ALSO READ : वाराणसी में एकतरफा प्रेम में युवक ने खुद को लगाई आग, युवती बनाती रही वीडियो
एमओयू के तहत आईआईटी-बीएचयू का आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन विभाग तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा. वहीं, वीडीए कार्यक्रमों का समन्वय करेगा तथा वाराणसी मास्टर प्लान, नगर विकास परियोजनाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा.



