विराट कोहली के इंस्टाग्राम ने फैंस को किया परेशान, सोशल मीडिया पर पूछने लगे सवाल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बीते गुरुवार को आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक से बंद हो गया, जिसके चलते फैन्स के बीच ऐसी बेचैनी छा गई कि, सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास तक लगाए जाने लगे. फैंस उनकी पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के पोस्ट पर कमेंट कर इसकी वजह तक पूछने को मजबूर हो बैठे.

क्योंकि, कई यूजर्स को उनका प्रोफाइल सर्च करने पर 'User not found' शो होने लगा, ऐसे में फैंस को ये लगने लगा कि कहीं किंंग कोहली ने अपना अकाउंट डिलीट या डिएक्टिवेट तो नहीं कर दिया. पर 6 घंटे बाद विराट का इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा से एक्टिवेट हो गया. तब जाकर फैंस की चैन की सांस ली. आपको बता दें कि, विराट के इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन (27 करोड़ 40 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. फिलहाल, इस मामले में कोहली की तरफ से अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

वहीं इस सिलसिले में क्रिकेटर विराट कोहली की तरफ से कोई बयान ना आने पर अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि, अकाउंट को जानबूझकर डीएक्टिवेट किया गया था या फिर कोई तकनीकी गड़बड़ी थी. क्योंकि, हाल के दिनों में कोहली की सोशल मीडिया गतिविधियां भी सीमित रही हैं. उन्होंने पहले कई प्रमोशनल पोस्ट हटाकर क्रिकेट और परिवार को प्राथमिकता देने के संकेत दिए थे, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोहली एक प्रमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट के करीब 12 से 14 करोड़ रुपए तक चार्ज करते हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट का शानदार प्रदर्शन
आपको बता दें, वनडे में विराट ने 18 जनवरी को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली थी. इस मुकाबले में कोहली ने 108 गेंदों पर 124 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. हालांकि, कोहली के शतक के बावजूद भारतीय टीम मैच जीतने में सफल नहीं हो सकी. वहीं अब विराट इंटरनेशनल मैच में अपना जादू जल्द ही दिखाने वाले है. वो 6 महीने बाद भारत की अगली निर्धारित वनडे सीरीज इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे. तीन मैचों की सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी, जिसके मुकाबले एजबेस्टन, कार्डिफ और लॉर्ड्स में खेले जाएंगे.

क्रिकेट के टॉप स्कोरर में विराट
मैच की दुनिया में विराट कोहली जबरदस्त प्लेयर है, ऐसे में वो सभी फॉर्मेट यानि (टेस्ट+वनडे+टी-20) मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं. उनके 559 मैच में 28215 रन हैं. विराट कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 85 शतक दर्ज हैं. टेस्ट क्रिकेट में कोहली ने 123 मैचों की 210 पारियों में 9230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं, 46.85 की औसत से खेलते हुए उनका सर्वोच्च स्कोर 254 नाबाद रहा है. पहले नंबर पर भारत के ही सचिन तेंदुलकर हैं. तेंदुलकर के नाम 664 मैच में 34357 रन हैं.



