वाराणसी में बारिश में दीवार गिरी, मलबे में दबे युवक की मौत

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में मंगलवार रात तेज बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. पड़ोसी के घर की ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय जिलाजीत कुमार पुत्र शिवपूजन गंभीर रूप से घायल हो गया. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीणों के मुताबिक देर शाम क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी. इसी दौरान जिलाजीत घर के पीछे की ओर जा रहा था. पड़ोसी के घर के पास गाय के लिए बनाई गई ईंट की दीवार तेज बारिश के बीच अचानक गिर गई.

युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह दीवार की चपेट में आ गया और मलबे में दब गया. दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर मलबा हटाया और युवक को बाहर निकाला. उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी. परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. घर में मातम छा गया.

ALSO READ: पर्यटन विभाग का विजिट उत्तरप्रदेश अभियान, 60 सेंकंड की रील्स में युवा दिखाएंगे बनारस की संस्कृति और विरासत
तीन भाइयों में मझला था युवक
युवक तीन भाइयों में मंझला था. वह कोचिंग पढ़ाने जाता था. इसके साथ ही परिवार के सेंटरिंग कारोबार में भी हाथ बंटाता था. परिजनों के मुताबिक वह घर के काम में सहयोग करने के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए था. अचानक हुए हादसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी उनके घर पहुंचे और ढांढस बंधाया. देर रात तक घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. पूरे गांव में हादसे को लेकर शोक का माहौल रहा. परिजनों ने जिलाजीत के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए बरैनी स्थित श्मशान घाट ले जाया गया. देर रात युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया.



