क्रेडिट कार्ड उड़ाकर की खरीदारी, महिला टप्पेबाज गिरफ्तार

वाराणसी : कैंट पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक शातिर अंतरजनपदीय महिला टप्पेबाज को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने आरोपी महिला के पास से एक क्रेडिट कार्ड, तीन सोने की अंगूठियां और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. गिरफ्तार महिला की पहचान अमृता सिंह उर्फ जूही सिंह उर्फ अन्नू के रूप में हुई है. वह गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र के हुरमुजपुर गांव की निवासी है. उसके खिलाफ वाराणसी के दशाश्वमेध, कैंट, सिगरा और लालपुर थानों के अलावा लखनऊ, गाजीपुर और अयोध्या में चोरी के कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं.
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अर्दली बाजार निवासी दीपक कुमार अपनी पत्नी और बेटी के साथ स्मार्ट बाजार में खरीदारी करने गए थे. बिलिंग के दौरान उनके बगल में खड़ी महिला ने दीपक कुमार का क्रेडिट कार्ड पिन देख लिया. इसके कुछ ही देर बाद महिला ने दीपक की पत्नी के पर्स से क्रेडिट कार्ड चोरी कर लिया.पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक, आरोपी महिला ने चोरी किए गए क्रेडिट कार्ड से अर्दली बाजार स्थित मंगलसूत्र ज्वेलर्स से 55 हजार रुपये की खरीदारी की. इसके अलावा अन्य दुकानों से भी करीब 12 हजार रुपये की खरीददारी की गई.
घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. महिला को 31 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित होटल सरला इन से पकड़ा गया.
ALSO READ : वाराणसी में वाटर टैक्सी जेटी और हाइड्रोलिक जहाज का नाविकों ने किया विरोध
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, सब इंस्पेक्टर आरती गौड़, अभिषेक सिंह, सत्यम यादव और महिला आरक्षी अस्तुति श्रीवास्तव शामिल रहीं. पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है.



