वाराणसी में दो बाइक की टक्कर में महिला की मौत, परिवार में कोहराम...

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित पुल के समीप सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं हादसे की खबर मिलते ही महिला के परिवार में कोहराम मच गया. जानकारी के अनुसार रोहनिया क्षेत्र निवासी गायत्री देवी (47) पत्नी लालमनी यादव अपने पति के साथ बाइक से वाराणसी से गाजीपुर जनपद के उचौरी स्थित रिश्तेदारी में जा रही थीं.
इस बीच उनकी बाइक कैथी पुल के पास पहुंची थी. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर पीछे बैठी गायत्री देवी सड़क पर गिर पड़ीं. गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला और उनके पति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद गायत्री देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनके पति लालमनी यादव को मामूली चोटें आईं.
ALSO READ : चार माह पूर्व आया था मांस की दुकानें शहर से बाहर करने का प्रस्ताव, कांग्रेस से वास्ता नहीं...
बताया जाता है कि लालमनी यादव सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं और रोहनिया क्षेत्र में तैनात हैं. महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि कैथी पुल के पास दो बाइकों की टक्कर में एक महिला की मौत हुई है. शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.



