विश्व पर्यावरण दिवस: मां की ममता और पेड़ों की छांव दोनों जीवनदायिनी- जयवीर सिंह...

वाराणसी:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बाबतपुर स्थित सगुनहा प्राथमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की.
विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यटन मंत्री ने पौधरोपण कर दिया हरित क्रांति का संदेश.
जयवीर सिंह ने कहा कि मां अपने बच्चों को जिस तरह प्रेम, स्नेह और संरक्षण देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन को सुरक्षित और समृद्ध बनाते हैं.मां की ममता जीवन देती है तो पेड़ जीवन को स्वस्थ और सुरक्षित बनाए रखते हैं. वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण, फल, छाया और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं.इसलिए हर व्यक्ति को अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए.उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश को हरित बनाने के लिए वृक्षारोपण सबसे बड़ा योगदान है. यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर स्वास्थ्य मिल सकेगा. उन्होंने इसे हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. इस दौरान लोगों को पेड़ों के स्वास्थ्य लाभ, पर्यावरण संतुलन और हरित विकास के महत्व के प्रति जागरूक किया गया.



