वाराणसी में हाईवे पर अचेत मिली युवती, दो युवकों पर गलत व्यवहार का आरोप...

वाराणसी : फूलपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पिंडरा बाइपास स्थित सुरही अंडरपास के पास एक 22 वर्षीय युवती अचेत अवस्था में मिली. राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा भेजा. घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
पुलिस के अनुसार, होश में आने के बाद युवती ने खुद को जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताया. युवती ने आरोप लगाया कि वह किसी काम से बाजार आई थी. इसी दौरान उसके पूर्व परिचित दो युवक उससे मिले और उसे नाश्ता कराने के बहाने अपने साथ ले गए. युवती का कहना है कि रास्ते में दोनों युवकों ने उसे लस्सी पिलाई, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अचेत हो गई. युवती ने आरोप लगाया कि बेहोशी की हालत में दोनों युवकों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया. इसके बाद उसे हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गए. युवती के बयान के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर चोट के कुछ निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामले की संवेदनशीलता बढ़ गई है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवती अथवा उसके परिजनों की ओर से कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी. इसी कारण पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है.
ALSO READ : तुलसी घाट पर पर्यावरण कार्यशाला: महिलाओं ने सीखा कार्बन फुटप्रिंट कम करने का हुनर...
प्राथमिक उपचार के बाद युवती को बेहतर इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया. थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवती के लिखित बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस संभावित आरोपितों की पहचान करने और घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.



